Sunday 30 June 2013

नेता मेरी नज़र से ..


राजनीती का खेल है लोग मिमियाते रहें और भेड़िये शेर की खाल ओढ देश पर राज करते रहें। भारत में लोकतंत्र का मतलब है नेता, उसकी जेब और उसका पेट। वैसे अगर देखें तो इस देश में सभी राजनेता व राजनैतिक दल लगभग एक जैसे है, सत्ता में बैठे हो तो ठग और सत्ता से बाहर बेखबर नज़र आते है। कहने को तो हर नेता देश की सेवा का दम भरता है परन्तु वास्तविकता में अपने परिवार की सेवा ही उसका प्रथम कर्तव्य है।
'नेता जब तक जिंदा है हमेशा रहे गरीब, नेता मरे तो हो जाये शहीद।' 
नेता वो है जो गद्धी पर बैठने के लिए किसी हद्द तक जा सकता है। अपने से बड़े नेता के जूते साफ़ कर सकता है। दफ्तर में झाड़ू तक लगा सकता है। शर्म और बेहयाई की सीमा पार करके देश की बजाय व्यक्ति विशेष के लिए जान भी देने को तैयार हो जाये। किसी पर बन्दूक उठाने में अपनी शान समझते हैं। परिवारवाद अब देश के हर नेता का मानो धर्म है।
शर्म, दया और नेता विपरीत शब्द हैं। मौकापरस्ती और लालच नेता के पर्याय हैं। जेब नोटों से भरे हैं, पेट कभी नहीं भरते फिर भी गरीब के गरीब रहते है, ऐसे हमारे देश के नेता हैं। देश पर विपत्ति आये तो अब क्या करना है? आपदा से तो निपटना है । आपदा के बाद सरकार में बैठे ज्ञानी नेता लोग नया टैक्स लगाकर हम पर मानो अहसान चढ़ाते है और फिर राहत कोष का झोला फैला हमसे ही भीख मांगते है। स्विस बैंकों में इतना कला धन जमा करने वाला देश अचानक से गरीब हो जाता है? फ़ोर्ब्स की लिस्ट में टॉप पे आने वाले उद्योग्पती भी ना जाने कहाँ खो जाते हैं।
पार्टी कोई भी हो हर नेता यहाँ लालची है। बस कोई थोडा कम बाकि सब नेता लालच की हर सीमा को पार कर जाते हैं। नेता अगर सुधर जाये और जनता के हित का सोचे तो वो नेता काहे का? लालच का दूसरा नाम ही नेता है।नीतियाँ इनकी, लालच इनका, लूट-खसोट इनकी और खामियाजा बेचारा आम आदमी अपनी जान गंवाकर चूका रहा है।
नेता जादू करने में उस्ताद हैं। उनके जादू की छड़ी घूमते ही खाली बैंक नोटों से भर जाते हैं, उनकी प्रॉपर्टी दिन दूनी रात चौगुनी बढती है। सरकारे संवेदनहीन हो गयी हैं उनकी संवेदना कहीं खो सी गयी हैं। सरकारें बदलने से सिस्टम तक बदलता नहीं है और नेता तो हमेशा एक समान रहता है। ऐसे में आम आदमी का जीवन क्या ख़ाक बदलेगा? वो तो सिर्फ एक मोहरा है, कभी इससे पिटता है तो कभी उससे। कुछ राज नेताओं की हालत देख कर समझ आता है कि कभी-कभी सालों का संघर्ष थोड़ी सी नासमझी से व्यर्थ जाता है । सरकार में बैठे नेताओं को खबर हो या नहीं हो क्या फर्क पड़ता है? बेचारे आम इन्सान ने तो हर हाल में मरना है। नेता और  उनकी पार्टी के लिए तो जनता इंसान नहीं सिर्फ निर्जीव शरीर भर है।
दे दिया ब्यान, हो गया आपका काम, चलिए नेता जी साहब अब माथे से पसीना पोछिये और घर जाकर चैन की नींद सो जाईये । सुबह उठकर फिर किसी को बलि का बकरा बनाना है। लोगो ने अब पैसे को खुदा बना दिया है। देश की आधी आबादी को भर पेट भोजन हीं मिलता है क्यूंकि शासन हमेशा खुद का पेट भरता है, फिर भी हमारा नेता तो ऐसा है कि उसका पेट खाली का खाली रहता है।
जो लोग समाज को बदलने और जनता के हितो के लड़ने के लिए उठे थे आज अपने हितों और बैंक लॉकारों को बदलने में जुटे बैठे हैं। इन्ही नेताओं ने नैतिकता का पतन किया है। इन्ही की वजह से अब हर चीज़ व्यापार का सामान हो गयी है। हालत ये हो गयी है कि अब हम हर किसी को शक की नज़र से देखते हैं। हर बात पर शक करते हैं। जब तक कोई नेता न मरे तब तक कहीं भी धुंआ नहीं उठता और कोई रोष भी नहीं दिखाता । नेता का जो काम है उसने वही तो करना है। वोट और वोटर(आम जनता नहीं) उसकी लाइफ-लाइन हैं। इसलिए उसने साम, दाम, दंड और भेद सब अपनाना है। लोगो को जात-पात और धर्म के नाम पर उकसाना और लड़ाना है। जनता नेताओं के इशारों पे घूमती है, इसीलिए तो वो उन्हें घूमाते हैं। देश के लगभग हर नेता के अन्दर अभी भी सामंती खून है।
जब तक नेता खुद को जनता का सेवक नहीं समझेगा, अपनी पार्टी का गुलाम बन के रहेगा, यकीन मानिये वो सिर्फ अपनी जेब भरेगा देश में कुछ भी नहीं बदलेगा।अपने से ऊपर देश के हित की भावना जब तक नेता के मन में नहीं होगी जनता को सिर्फ धोखा मिलेगा।
शिक्षा से ज्यादा बनावटी चकाचोंद और आसान ज़िन्दगी जीने का लालच और पश्चिमी सभ्यता के अंधाधुन्ध अनुसरण का असर है कि युवाओ को लगता है खिलाडी या अभिनेता की बजाय वो नेता बनके देश लूट पायेगे । अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए धन जोड़ पाएंगे। खादी पहनो, नेता बनो और खुद का कल्याण करो। सिर्फ राजनीती में ही रिटायरमेंट का कोई रूल नहीं है और न ही किसी नेता में कुर्सी छोड़ने की इच्छा शक्ति है। यही सन्देश सब तक जा रहा है । इसीलिए तो आज युवा का राजनीती और नेताओं से मोह भंग हो गया है।

Tuesday 18 June 2013

पडोसी बिना जग सूना ...

अक्सर आपने अपने किसी ना किसी रिश्तेदार या पडोसी को यह कहते तो सुना ही होगा कि "भाई साहब आप ने लड़की के लिए लड़का देखना अब तक शुरू ही नहीं किया?" या फिर "बहनजी लड़के को कोई लड़की पसंद आई की नहीं?" "भई शादियाँ तो हमारे ज़माने में हुआ करती थी, माँ-बाप ने जिससे कहा बस कर ली और ज़िन्दगी भर साथ निभाया। लेकिन आज कल तो गर्ल फ्रेंड/बॉय फ्रेंड का चक्कर ही नहीं ख़तम होता तो शादियाँ क्या ख़ाक होंगी? और हो भी गयी तो टिकती ही कहाँ हैं?"
अब ऐसे रिश्तेदार या पडोसी तो सवाल पूछ-पूछ कर आपको बेहोश ही कर देते हैं। मानो सारी दुनिया की चिंता सिर्फ इनको ही है जिसकी वज़ह से ये दुबले-पतले हो रहे हैं और आप तो जी हाथ पे हाथ रखकर बैठे हुए हैं या फिर मजे से स्नूकर खेल रहे हैं। अपने से ज्यादा चिंता तो इन्हें आपके घर की रहती है। इनकी रातों की नींद भी शायद इसी कारण उड़ी रहती है। आपके घर की हर खबर इन्हें होनी चाहिए और शाह जी की फ्री सलाह आपको मान लेनी चाहिए।
चलिए किसी तरह शादी भी हो गयी तो भी इनको कहाँ चैन आने वाला है। मिले नहीं की अगला सवाल तोप के गोल्रे की तरह दाग डालेंगे कि "दो से तीन कब हो रहे हो?" और अगर कही आपने कह दिया कि "अभी हमारी उम्र ही क्या है, पहला बच्चा २ साल बाद होगा" तो बस इनके मुंह का तो जायका ही बिगड़ जाता है। हर बार जब आपसे मिलेंगे तो आपको घूर के देखेंगे या फिर कोई वन-लाइनर ही सुना जायेंगे।
दो साल बाद आपसे इनका वही सवाल होगा "अब तो बहुत मज़े कर लिए। कब तक छड़े बनकर घूमोगे? थोडा परिवार भी बढाओ, खानदान का वारिस भी तो लाओ।" जैसे की आपके खानदान के इकलौते ठेकेदार यही ज़नाब/मोहतरमा हैं। घूमफिर कर इनकी हर बात वहीँ आ पहुंचती है। परिवार-नियोजन के पक्के दुश्मन होंते हैं ऐसे लोग।
लेकिन मुश्किल तो यह है कि इनकी कहानी यहाँ ख़त्म नहीं होती है। आपके यहाँ बच्चा आया नहीं कि इन्होने टपक पड़ना है और फिर वही कहानी-किस्से शुरू "लड़का हुआ है, चलो जी वंश का चिराग आया" लड़की हुई तो "ओह! कोई बात नहीं अगली बार लड़का हो जायेगा।" यानि के अभी पहला वाला न पाला, न संभाला और इनको दूसरे बच्चे की चिंता हो गयी। अब तो जरुर इनका ४-५ किलो वज़न घट जाना है। इनका कथा बांचने का कार्यक्रम तो २४/७ चलता रहता है।
दूसरा बच्चा होगा तो इनका आगमन भी होना जरुरी है। शगुन १०० रूपये देंगे लेकिन आपका लाखों का कीमती समय अपने प्रवचन से चाट जायेंगे। खाना खायेंगे सो अलग। बच्चे के स्कूल की चिंता, लड़की हुई तो लड़के की चिंता, एक के बाद एक और नयी चिंता.. इनका जीवन तो आपकी ही चिंता में चिता पर ही लेटा रहता है। आपके बच्चों के भविष्य का सारा ग्राफ इनका खींचा होता है। डॉक्टर या इंजिनियर सब इनकी मर्ज़ी से बनना चाहिए। वर्ना तो समझो ग़दर हो जायेगा। इनके तानों से आपका दिन शुरू होगा और जली-कटी बातों से रात ढलेगी।
किसकी बेटी किसके साथ मोबाइल पे बात करती है, अगर आपको जानना है तो यही जेम्स बांड के अवतार आपको बताएँगे। कौन कहाँ गया, आया और किसके साथ भागा उसके लिए न्यूज़पेपर किसे चाहिए? इनकी कृपा से हरदम आपका मनोरंजन होता है।
ये पडोसी/रिश्तेदार वैसे देखे तो आपकी डल्ल और बोरिंग ज़िन्दगी को रंगीन बनाते हैं। मसाले का सही मात्रा में इस्तेमाल करना भी यही महान लोग हमें सिखाते है।